सनातन धर्म की ताकत आस्था और पर्व-त्योहार: सीएम योगी
- भगवान नृसिंह की शोभायात्रा में शामिल हुए मुख्यमंत्री, सीएम योगी बोले महाकुंभ में पूरी दुनिया ने देखा सनातन धर्म का सामर्थ्य
रिपोर्ट : दिनेश चंद्र मिश्रा : गोरखपुर। गोरक्षपीठाधीश्वर एवं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सनातन धर्म की आत्मा उसकी आस्था और पर्व-त्योहारों में बसती है। दुनिया में किसी भी अन्य मत, मजहब या देश में इतनी समृद्ध पर्व-परंपरा नहीं है। भारत में उत्तर से दक्षिण और पूरब से पश्चिम तक पूरे वर्ष उत्सवों की धारा बहती रहती है, जिससे हर भारतीय की आस्था मजबूत होती है।

सीएम योगी शुक्रवार को होली के पावन पर्व पर घंटाघर से निकलने वाली भगवान नृसिंह की रंगभरी शोभायात्रा के शुभारंभ अवसर पर विशाल जनसमूह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने प्रदेशवासियों को होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारत में जन्म लेना दुर्लभ है, और उसमें भी सनातन धर्म में जन्म लेना सौभाग्य की बात है। सनातन को कोसने वालों ने भी प्रयागराज महाकुंभ में उसका अपार सामर्थ्य देखा है।
महाकुंभ को देखकर दुनिया रह गई थी विस्मित
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रयागराज महाकुंभ को पूरी दुनिया विस्मय और कौतूहल भरी निगाहों से देख रही थी। लेकिन सनातन धर्म के लोग इस महायोजना के माध्यम से पूरे विश्व को एकता और भाईचारे का संदेश दे रहे थे। महाकुंभ में 66 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं ने पवित्र त्रिवेणी में स्नान कर पुण्य अर्जित किया। यहां ऐसा अद्भुत अनुशासन और मर्यादा देखने को मिली, जिसकी पूरी दुनिया ने सराहना की।
सनातन को बदनाम करने वालों को महाकुंभ जरूर देखना चाहिए
सीएम योगी ने कहा कि जाति और अस्पृश्यता के नाम पर सनातन धर्म को बदनाम करने वालों को महाकुंभ आकर देखना चाहिए। वहां राष्ट्राध्यक्ष से लेकर सामान्य नागरिक, बड़े धर्माचार्य से लेकर गांव के योगी तक एक ही घाट पर आस्था की डुबकी लगाते हैं। उन्होंने कहा कि जो लोग राम मंदिर का विरोध कर रहे थे, जो गौ-तस्करी को संरक्षण देते थे और जो मानते थे कि भारत कभी विकसित नहीं हो सकता, उनकी नीयत अब सबके सामने आ चुकी है।
कठिन साधना ही बड़ी सिद्धि का आधार
सीएम योगी ने कहा कि सनातन धर्म का मूल मंत्र “यतो धर्मस्ततः जयः” यानी जहां धर्म है, वहां विजय है। विजय का मार्ग कठिन साधना और कठोर परिश्रम से ही संभव है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत का सपना तभी पूरा होगा जब भारत एकजुट और सशक्त होगा।
होली का संदेश: एकता में ही देश की शक्ति
मुख्यमंत्री ने कहा कि होली का संदेश यही है कि जब हम एक रहेंगे, तभी देश आगे बढ़ेगा।उन्होंने भगवान नृसिंह के अवतार का उदाहरण देते हुए कहा कि हिरण्यकश्यप जैसे अहंकारी का अंत निश्चित होता है और भक्त प्रह्लाद जैसे सत्य के अनुयायियों पर सदैव ईश्वर की कृपा बनी रहती है।
योगी सरकार में दुनिया ने देखा सनातन धर्म का गौरव
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत प्रचारक रमेश जी ने कहा कि ऐतिहासिक महाकुंभ के सफल आयोजन के बाद इस बार की होली बेहद खास है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कुशल नेतृत्व में पूरी दुनिया ने सनातन धर्म की सहिष्णुता और सद्भावना को देखा है।
सीएम ने भगवान नृसिंह की आरती उतारी, जमकर खेली होली
मुख्यमंत्री ने भगवान नृसिंह की विधिवत आरती उतारी और उन्हें नारियल, गुझिया, फूल, फल, रंग, अबीर और गुलाल अर्पित किए। इसके बाद उन्होंने फूलों और गुलाल से होली खेली। पूरा माहौल हर-हर महादेव और जय श्रीराम के नारों से गूंज उठा। इस मौके पर सांसद रवि किशन, महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र सिंह, विधायक विपिन सिंह, काशी से आए जगद्गुरु स्वामी संतोष दास, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत संघचालक डॉ. महेंद्र अग्रवाल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।