- महाराष्ट्र: केंद्रीय मंत्री की बेटी और सहेलियों से छेड़छाड़, पुलिस ने एक आरोपी को पकड़ा, छह फरार
- महाशिवरात्रि मेले में शर्मनाक वारदात
विजय कुमार पटेल : जलगांव : महाराष्ट्र। महाराष्ट्र के जलगांव में महाशिवरात्रि मेले के दौरान केंद्रीय मंत्री की बेटी और उनकी सहेलियों के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि बाकी छह आरोपियों की तलाश जारी है।
जानिए क्या है पूरा मामला?
आपको बताते चलें कि प्रतिवर्ष की तरह इस बार भी मुक्ताईनगर के कोथली गांव में महाशिवरात्रि मेले का आयोजन किया गया था। मेले में एक केंद्रीय मंत्री की बेटी अपनी सहेलियों के साथ घूमने गई थी। इसी दौरान सात युवकों ने उनका पीछा किया, अभद्र टिप्पणियां कीं और मोबाइल से उनकी तस्वीरें लेने की कोशिश की।
जलगांव के पुलिस उपाधीक्षक कृष्णनाथ पिंगले के मुताबिक, इस मामले में आरोपी अनिकेत भोई, पीयूष मोरे, सहम कोली, अनुज पाटिल, किरण माली और सचिन पलवी शामिल हैं। इन सभी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और छेड़छाड़ की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
केंद्रीय मंत्री ने जताई नाराजगी, सख्त कार्रवाई की मांग
घटना के बाद केंद्रीय मंत्री खुद अपनी बेटी और समर्थकों के साथ पुलिस थाने पहुंचीं। उन्होंने कहा, “मैं यहां एक केंद्रीय मंत्री या सांसद के रूप में नहीं, बल्कि एक न्याय मांगने वाली मां के रूप में आई हूं। अगर मेरी बेटी के साथ ऐसा हो सकता है, तो आम लोगों की सुरक्षा का क्या?” केंद्रीय मंत्री ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर ऐसी घटनाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करने की बात भी कही है।
पुलिस की कार्रवाई जारी, एक गिरफ्तार
फिलहाल पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और बाकी की तलाश के लिए टीम गठित कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।