- अयोध्या: रामलला के दर्शन की समय सारणी में बदलाव, श्रद्धालुओं के लिए नई व्यवस्था लागू
- आज से नए समय पर होंगे रामलला के दर्शन
अखिलेश द्विवेदी : अयोध्या। अयोध्या के राम जन्मभूमि मंदिर में भक्तों के दर्शन का समय बदल दिया गया है। श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने नई व्यवस्था लागू कर दी है, जो आज, 3 मार्च से प्रभावी हो गई है। इसके तहत मंदिर के गेट अब सुबह 6 बजे खुलेंगे, जबकि पहले यह सुबह 7 बजे खुलते थे।
श्रृंगार आरती के बाद कर सकेंगे रामलला के दर्शन
श्रृंगार आरती के बाद भक्त सुबह 6:30 बजे से 11:50 बजे तक रामलला के दर्शन कर सकेंगे। इसके बाद 12 बजे राजभोग आरती के दौरान मंदिर के कपाट बंद कर दिए जाएंगे।
भक्तों को दोपहर में भी मिलेगा दर्शन का अवसर
भक्तों के लिए दोपहर 12:30 बजे से 1 बजे तक दर्शन की विशेष व्यवस्था की गई है। इसके बाद मंदिर दोपहर 1 बजे से शाम 6:50 बजे तक खुला रहेगा, जिससे श्रद्धालु आराम से भगवान राम के दर्शन कर सकें।
रात्रि दर्शन का भी बढ़ा समय
शाम 7 बजे संध्या आरती के बाद भक्त रात्रि में 9:45 बजे तक रामलला के दर्शन कर सकेंगे। इसके बाद रात में 10 बजे शयन आरती होगी और मंदिर के पट बंद कर दिए जाएंगे।
भक्तों को होगी सहूलियत
नई व्यवस्था से रामलला के दर्शन करने आने वाले भक्तों को अधिक समय मिलेगा और भीड़ नियंत्रण में मदद मिलेगी। सुबह जल्दी दर्शन शुरू होने से श्रद्धालु आराम से पूजा कर सकेंगे और समय को बेहतर तरीके से मैनेज कर सकेंगे। हालांकि इस दौरान कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रहेगी और सुरक्षाकर्मी आने जाने वालों पर सख्त नजर रखेंगे। रामलला के मुख्य मंदिर के साथ ही हनुमानगढ़ी मंदिर परिसर में भी सुरक्षा व्यवस्था प्रतिदिन की तरह सख्त रहेगी।