- नेपाल के दांग में भारतीय पर्यटकों की बस दुर्घटनाग्रस्त, 23 घायल, देखें घायलों की सूची
- अशोक लीलैंड कंपनी के कर्मचारियों की थी टूर बस, ब्रेक फेल होने से हुआ हादसा
गोरखनाथ दूवे : दांग : नेपाल। नेपाल से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां भारत के अलग-अलग जिलों से गए पर्यटकों की बस पहाड़ी रास्ते में दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसा नेपाल के दांग जिले में हुआ, जब लखनऊ से पोखरा जा रही बस तेज गति में नियंत्रण खो बैठी और पहाड़ी से जा टकराई। इस दुर्घटना में 23 भारतीय पर्यटक घायल हो गए। राहत की बात यह रही कि सभी की हालत अब स्थिर है और उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया।
यह भी पढ़ें : अवध विश्वविद्यालय में शराब पार्टी का बड़ा खुलासा, तीन अतिथि प्रवक्ताओं की छुट्टी

लखनऊ से चलकर नेपाल के पोखरा जा रही एक टूरिस्ट बस शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे नेपाल के लमही-कोयलाबास मार्ग पर स्थित चिसापानी इलाके में हादसे का शिकार हो गई। यह बस अशोक लीलैंड कंपनी के कर्मचारियों से भरी थी, जिनमें लखनऊ, बाराबंकी, रायबरेली, कानपुर, हरदोई और सुल्तानपुर के लोग शामिल थे।
बताया जा रहा है कि बस संख्या यूपी32एमएन9666 गुरुवार रात 11 बजे लखनऊ से रवाना हुई थी। शुक्रवार सुबह यात्रियों ने तुलसीपुर के देवीपाटन मंदिर में दर्शन किए और फिर नेपाल के पोखरा के लिए रवाना हो गए। जैसे ही बस ने कोयलाबासा बॉर्डर पार किया, कुछ ही किलोमीटर बाद ब्रेक फेल हो गया और बस तेजी से पहाड़ी दीवार से जा टकराई।
घायलों की पहचान और इलाज

सीएचसी अधीक्षक डॉ. विकल्प मिश्र ने बताया कि सभी यात्रियों का समुचित इलाज किया गया और वे अब खतरे से बाहर हैं। गंभीर रूप से घायल कुछ यात्रियों को अन्य अस्पतालों में रेफर किया गया है। घटना के बाद सीएचसी परिसर में अफरातफरी का माहौल बन गया था।
प्रमुख घायल यात्रियों की सूची एक नजर में :
- दिनेश यादव (38), लखनऊ
- आशुतोष तिवारी (45), लखनऊ
- राकेश गुप्ता (34), अवध चौराहा, लखनऊ
- अरविंद कुमार (45), इंदिरानगर, रायबरेली
- राहुल तिवारी (28), हरदोई
- राहुल त्रिपाठी (38), रायबरेली
- दुर्गेश मिश्र (28), लखनऊ
- अयोध्या कुमार (52), सुल्तानपुर
- लल्लन कुमार (35), सुल्तानपुर
- सच्चिदानंद (45), लखनऊ
- अतुल शुक्ल (24), बाराबंकी
- अनिल श्रीवास्तव (45), लखनऊ
- संतू वर्मा (42), कानपुर
- प्रमोद मार्य (59), लखनऊ
- मनोज वर्मा (35), लखनऊ
- अभिषेक तिवारी (38), लखनऊ
- गोविंद दुबे (38), लखनऊ
इनमें से ज्यादातर मरीजों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
बस चालक से पूछताछ
हादसे के तुरंत बाद बस चालक अहमद इलियाद और सह चालक अब्दुल्ला को भी इलाज के लिए भर्ती किया गया। बाद में नेपाल पुलिस ने चालक को पूछताछ के लिए रोक लिया है। हादसे की जांच जारी है।
परिजनों की बेचैनी, मोबाइल फोन बना सहारा
हादसे की खबर मिलते ही भारत में मौजूद यात्रियों के परिजन बेहद परेशान हो गए थे। नेपाल में पहले नेटवर्क न मिलने के कारण संपर्क नहीं हो सका, लेकिन जैसे ही घायल भारतीय सीमा में पहुंचे, उनके फोन लगातार बजने लगे। सीएचसी पर मौजूद सभी यात्री लगातार अपने घरवालों को जानकारी दे रहे थे कि वे सुरक्षित हैं।
यात्रियों की आपबीती
राहुल त्रिपाठी, रायबरेली निवासी और घायल यात्री दुर्गेश ने बताया कि टूर पर निकले सभी 25 लोग अशोक लीलैंड कंपनी के कर्मचारी हैं, और उन्हें कंपनी की ओर से ही टूर पर भेजा गया था। सब बहुत उत्साहित थे लेकिन यह हादसा किसी बुरे सपने जैसा था।
यह भी पढ़ें : अवध विश्वविद्यालय में शराब पार्टी का बड़ा खुलासा, तीन अतिथि प्रवक्ताओं की छुट्टी