- महाशिवरात्रि पर शिवोपासना में लीन रहे सीएम योगी, गोरखनाथ मंदिर में रुद्राभिषेक कर की लोक कल्याण की प्रार्थना
- गोरखपुर में शिवालयों का भ्रमण, जलाभिषेक और अनुष्ठान में व्यस्त रहे मुख्यमंत्री
दिनेश चंद्र मिश्रा : गोरखपुर। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री एवं गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ शिवभक्ति में लीन नजर आए। उन्होंने गोरखनाथ मंदिर सहित जिले के प्रमुख शिवालयों में भगवान शिव का पूजन-अर्चन कर लोकमंगल और राष्ट्रकल्याण की प्रार्थना की। मुख्यमंत्री ने विधिवत रुद्राभिषेक, हवन और जलाभिषेक कर महादेव की आराधना की।
यह भी पढ़ें : मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत बहराइच में 90 कन्याओं का विवाह संपन्न
गोरखनाथ मंदिर में गोदुग्ध से रुद्राभिषेक
बुधवार सुबह महाशिवरात्रि के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने अनुष्ठानिक कार्यक्रमों की शुरुआत गोरखनाथ मंदिर से की। मठ के प्रथम तल पर स्थित शक्ति मंदिर में उन्होंने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान शिव का गोदुग्ध से रुद्राभिषेक किया। मठ के पुरोहितों ने शुक्ल यजुर्वेद संहिता के रुद्राष्टाध्यायी महामंत्रों के साथ पूजा संपन्न कराई। इस दौरान मुख्यमंत्री ने हवन और आरती कर संपूर्ण चराचर जगत के कल्याण की कामना की।
महानगर के प्रमुख शिवालयों में जलाभिषेक
गोरखनाथ मंदिर में पूजन के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर के तीन प्रमुख शिवालयों अंधियारीबाग स्थित मानसरोवर शिव मंदिर, राजघाट स्थित मुक्तेश्वरनाथ मंदिर और झारखंडी महादेव मंदिर का भ्रमण किया। यहां उन्होंने भगवान शिव का जलाभिषेक कर भक्तों से संवाद भी किया।
मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसरों में श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को लेकर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने बच्चों से आत्मीय बातचीत कर उन्हें चॉकलेट भी भेंट की।
बाबा पितेश्वरनाथ मंदिर में अभिषेक और पौधरोपण
दोपहर बाद मुख्यमंत्री पीपीगंज स्थित बाबा पितेश्वरनाथ शिव मंदिर पहुंचे और विधिवत अभिषेक किया। इस दौरान उन्होंने हरिशंकरी (पीपल, बरगद, पाकड़) का पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। मंदिर सौंदर्यीकरण योजना का निरीक्षण कर अधिकारियों को दिशा-निर्देश भी दिए।
शिवभक्ति में समर्पित रहा महाशिवरात्रि का दिन
महाशिवरात्रि के अवसर पर पूरे दिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शिव आराधना में व्यस्त रहे। हर मंदिर में उन्होंने श्रद्धालुओं से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। मुख्यमंत्री के इस धार्मिक आयोजन ने प्रदेश में भक्ति और लोककल्याण के संदेश को प्रबल किया।
यह भी पढ़ें : मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत बहराइच में 90 कन्याओं का विवाह संपन्न