- महराजगंज हिंसा: पाँच अभियुक्तों पर लगा राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (NSA)
- दुर्गा मूर्ति विसर्जन के दौरान हुई थी हिंसा, हत्या के बाद NSA की कार्रवाई
रिपोर्ट : गोरखनाथ दुबे : बहराइच। उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में पिछले साल दुर्गा मूर्ति विसर्जन के दौरान हुए उपद्रव के मामले में प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। जिले की महसी तहसील के महराजगंज कस्बे में 13-14 अक्टूबर 2024 की रात विसर्जन जुलूस पर अराजक तत्वों ने पथराव कर दिया था। इस घटना में राम गोपाल मिश्रा नामक व्यक्ति की हत्या कर दी गई थी। अब इस मामले में पाँच आरोपियों के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (NSA) लगाया गया है।
जानिए क्या था मामला?
मूर्ति विसर्जन के दौरान हुए इस हमले के बाद मृतक के भाई हरी मिलन ने थाना हरदी में मामला दर्ज कराया था। पुलिस ने इस मामले में मु.अ.सं.-369/24 के तहत हत्या, दंगा भड़काने और शस्त्र अधिनियम जैसी गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। विवेचना के दौरान कुल 13 आरोपियों के खिलाफ आरोप प्रमाणित हुए, जिनके खिलाफ चार्जशीट दाखिल कर दी गई। सभी आरोपी इस समय न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार में बंद हैं।
NSA क्यों लगाया गया?
उत्तर प्रदेश सरकार कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में पुलिस ने इस मामले में पाँच मुख्य आरोपियों के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (NSA) लगाने की सिफारिश की थी। प्रशासन ने इसे मंजूर कर लिया है।
किन लोगों पर लगा NSA?
जिन अभियुक्तों के खिलाफ NSA लगाया गया है, उनमे अब्दुल हमीद पुत्र अब्दुल मजीद, मोहम्मद तालिब उर्फ सबलू पुत्र अब्दुल हमीद, मोहम्मद सरफराज अहमद उर्फ रिंकू पुत्र अब्दुल हमीद, शकील अहमद उर्फ बबलू पुत्र हाजी मोहम्मद इब्राहिम, खुर्शीद पुत्र हाजी मोहम्मद अहमद शामिल हैं। ये सभी महराजगंज, थाना हरदी, जिला बहराइच के निवासी हैं। पुलिस अधीक्षक की संस्तुति के बाद 10 मार्च 2025 को जिला मजिस्ट्रेट ने इन सभी के खिलाफ NSA लगाने का आदेश जारी किया है।
NSA लगने का क्या मतलब है?
राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (NSA) के तहत प्रशासन को यह अधिकार मिल जाता है कि वह किसी भी व्यक्ति को अधिकतम 12 महीनों तक बिना ज़मानत के हिरासत में रख सकता है। इससे अभियुक्तों को कानूनी प्रक्रिया के तहत जल्दी रिहा होने का मौका नहीं मिलेगा, जिससे कानून-व्यवस्था पर किसी तरह का खतरा न बने।
शासन के निर्देशानुसार प्रशासन अब इस मामले में अग्रिम कार्रवाई कर रहा है ताकि दोषियों को सजा मिले और भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।